Header Ads

  • Breaking News

    गांधी के सबसे बड़े प्रशंसकों में अलबर्ट आइंस्टाइन

    गांधी के सबसे बड़े प्रशंसकों में अलबर्ट आइंस्टाइन भी थे, जिन्होंने गांधी के अहिंसा के सिद्धांत को अणु के विखण्डन से पैदा होने वाली दानवाकार हिंसा की प्रतिकारी औषधि के रूप में देखा। स्वीडन के अर्थशास्त्री गुन्नार मिर्डल ने अविकसित विश्व खंड की समस्याओं के सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण के बाद गांधी को लगभग सभी क्षेत्रों में एक ज्ञानवार उदार व्यक्ति की संज्ञा दी।

    आर्थिक, सामाजिक और आत्मिक उन्नति के पक्षधर
    गांधी जी ने रचनात्मक कार्यों को खूब महत्व दिया। वह केवल राजनीतिक स्वतंत्रता ही नहीं चाहते थे, अपितु जनता की आर्थिक, सामाजिक और आत्मिक उन्नति भी चाहते थे। इसी भावना से उन्होंने 'ग्राम उद्योग संघ', 'तालीमी सघ' एवं 'गो रक्षा संघ' की स्थापना की थी। गांधी जी ने समाज में व्याप्त शोषण की नीति को खत्म करने के लिए भूमि एवं पूंजी का समाजीकरण न करते हुए आर्थिक क्षेत्र में विकेन्द्रीकरण को महत्व दिया। उन्होंने लघु एवं कुटीर उद्योगों को भारी उद्योगों से अधिक महत्व दिया। खादी को गांधी जी ने अपना मुख्य कार्यक्रम बनाया। गांधी जी समाज में फैली हुई कुरीतियों एवं असमानताओं के प्रति जीवन भर संघर्षरत रहे। उन्होंने अछूतों को 'हरिजन' की संज्ञा दी। हरिजनों के लिए अन्य हिन्दुओं के साथ समानता प्राप्त करने के लिए गांधी जी ने 'मंदिर प्रवेश' कार्यक्रम को सर्वाधिक प्राथमिकता दी। स्त्रियों की स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने दहेज प्रथा उन्मूलन के लिए अथक प्रयत्न किया। वे बाल विवाह और पर्दा प्रथा के कटु आलोचक थे। वे विधवा पुर्नविवाह के समर्थक और शराब बंदी लागू करने के बहुत इच्छुक थे। गांधी जी की राजनीति को सबसे बड़ी देन यह है कि उन्होंने राजनीति को नैतिकता पर आधारित किया। अहिंसात्मक असहयोग तथा सविनय अवज्ञा आंदोलन की उनकी नीति भारतीय परिस्थितियों के अधिक अनकूल थी। भारत सचिव मांटेग्यू ने गांधी जी को 'हवा में रहना वाला शुद्ध दार्शनिक' कहा था, लेकिन उसी दार्शनिक ने अंग्रेज़ साम्राज्य की जड़ें हिला दीं तथा समाज में मौलिक परिवर्तन कर दिया।
    गांधी जी के बारे में के.एम. मुंशी ने कहा है कि "उन्होंने अराजकता पायी और उसे व्यवस्था में परिवर्तित कर दिया, कायरता पायी ओर उसे साहस में बदल दिया, अनेक वर्गों में विभाजित जनसमूह को राष्ट्र में बदल दिया, निराशा को सौभाग्य में बदल दिया, और बिना किसी प्रकार की हिंसा या सैनिक शक्ति का प्रयोग किये एक साम्राज्यवादी शक्ति के बन्धनों का अंत कर विश्व शक्ति को जन्म दिया।"
    विस्काउन्ट सेमुअल ने गांधी जी के बारे में कहा है कि "गांधी जी ने अपना नेतृत्व प्रदान कर भारतीय जनता को अपनी कमर सीधी करना सिखाया। अपनी आंखें ऊपर उठाना सिखाया तथा अवचिल दृष्टि से परिस्थितियों का सामना करना सिखाया।" सचमुच महात्मा गाँधी भारतीय राजनीति और राष्ट्र के महान स्रोत थे।

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad